चमन लाल महाविद्यालय स्टूडेंट क्लब द्वारा वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया
लंढौरा। चमन लाल महाविद्यालय स्टूडेंट क्लब द्वारा वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसका शीर्षक कोरोना काल के दौरान ऑनलाइन टीचिंग का स्टूडेंट पर प्रभाव था । प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष राम कुमार शर्मा ने कहा कि पिछले कुछ समय में हमने बहुत कठिनाई पूर्ण जीवन गुजारा है। कोरोना जीवन के हर क्षेत्र को प्रभावित किया लेकिन विशेष रूप से शिक्षा इससे प्रभावित रही। ऐसे में ऑनलाइन टीचिंग एक वरदान के रूप में हमारे सामने आई। ऑनलाइन टीचिंग के कारण बच्चों को घर पर रहकर शिक्षा प्राप्त हो सकी जिससे उनका बहुत सारा समय व्यर्थ होने से बच पाया। शीर्षक के पक्ष में गौरव हिमांशु, आदित्य, अकरम तथा विपक्ष में वैष्णवी, प्राची, सलोनी तथा नितिन ने अपने विचार रखे। पक्ष में बोलने वाले वक्ताओं ने कहा कि कोरोना जैसे कठिन काल में ऑनलाइन टीचिंग के कारण ही शिक्षा व्यवस्था टिकी रही। जब लोग घरों से निकलने में डर रहे थे ऐसे में घर पर रहकर ही छात्र-छात्राओं को शिक्षा प्राप्त हो सकी। विपक्ष में बोलने वाले छात्र छात्राओं ने ऑनलाइन टीचिंग की कमियों की ओर ध्यान आकृष्ट किया और कहा कि ऑनलाइन टीचिंग में अभी बहुत अधिक सुधारों की आवश्यकता है। ऑनलाइन टीचिंग का लाभ साधन संपन्न छात्र-छात्राएं ही उठा पाए सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले छात्र जिनके पास मोबाइल फोन उपलब्ध नहीं थे, नेटवर्क व्यवस्था सुचारू नहीं थी ऐसे छात्र ऑनलाइन टीचिंग से लाभान्वित नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टीचिंग तभी लाभप्रद हो सकती है जब नेटवर्क जैसी मूलभूत जरूरतें देश के प्रत्येक कोने में पहुंचाई जा सकेंगी। कार्यक्रम का संयोजन डॉ श्वेता तथा डॉ हिमांशु कुमार ने संयुक्त रूप से किया। डॉ नवीन त्यागी, डॉ धर्मेंद्र, डॉ विधि त्यागी, डॉ अपर्णा शर्मा आदि उपस्थित रहे।