ONGC देहरादून द्वारा जनजातीय गौरव वर्ष के अवसर पर स्कूली बच्चों को उपहार वितरित।

देहरादून: ओएनजीसी (ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन) , देहरादून ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत जनजातीय गौरव वर्ष के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस पहल के तहत स्थानीय विद्यालयों के बच्चों को शैक्षणिक और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी बच्चों को स्कूल बैग, स्टील टिफिन, छाता, स्टेशनरी और जूते जैसे उपहार वितरित किए गए। इन उपहारों को पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। यह पहल शिक्षा को प्रोत्साहित करने और बच्चों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों ने ओएनजीसी, देहरादून की इस पहल की सराहना की। विद्यालय के एक शिक्षक ने कहा, “यह उपहार बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनकी शिक्षा को सुगम बनाने में मदद करेगा। हम ओएनजीसी और उनकी सहयोगी संस्था मुमकिन है डेवलपमेंट फाउंडेशन के आभारी हैं, जिन्होंने इसे सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया।”
संस्था की निदेशक ने बताया कि जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यक्रम जारी रहेंगे।
इस कार्यक्रम में आश्रम पद्धति विद्यालय, लालडांग, हरिद्वार की प्रधानाचार्य कुमारी गरिमा मिश्रा, सहायक अध्यापक विभूति शंकर, सहायक अध्यापक प्रदीप कुमार, कुमारी रेखा रानी, मुमकिन है डेवलपमेंट फाउंडेशन के निदेशक श्री पी. सी. पंवार मौजूद रहे।
