ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन।

देहरादून, 11 सितंबर 2026,
राजकीय इंटर कॉलेज डोभालवाला, रायपुर ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
विज्ञान संगोष्ठी का विषय “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047: संभावनाएँ एवं चुनौतियाँ” रहा।
रायपुर ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। जनपद स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी 19 सितंबर 2026 को प्रस्तावित है।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती हेमलता गौड़ उनियाल द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री शरत चंद्र बडोनी द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक विज्ञान समन्वयक श्री दलजीत सिंह एवं श्रीमती स्मिता भट्ट ने सभी प्रतिभागियों को “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047: संभावनाएँ एवं चुनौतियाँ” विषय की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा विज्ञान संगोष्ठी के नियमों एवं प्रतियोगिता की प्रक्रिया से छात्र-छात्राओं को अवगत कराया।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री अर्जुन सिंह नेगी एवं श्रीमती भावना नैथानी द्वारा किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती हेमलता गौड़ उनियाल ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों श्रीमती स्मिता भट्टको संबोधित करते हुए विज्ञान के क्षेत्र में विद्यार्थियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में शिक्षकों द्वारा निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
उन्होंने कहा कि “विज्ञान के बिना जीवन अधूरा है” तथा विद्यार्थियों को भविष्य में वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विज्ञान संगोष्ठी में निर्णायक मंडल के रूप में श्री सुनील दत्त रतूड़ी, प्रवक्ता; श्रीमती हेमवती सती, प्रवक्ता एवं श्री पुष्पेंदर सिंह, प्रवक्ता ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कुमारी चहक, महादेवी कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, द्वितीय स्थान रुद्र प्रसाद सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बन्नू तथा तृतीय स्थान मिस्बाह प्रवीन, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, लखीबाग ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र तथा मार्गदर्शक शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री शरत चंद्र बडोनी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं सहयोगी सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी के सहयोग की सराहना की।
इस अवसर पर श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य; श्री वीरेंद्र सिंह रावत, प्रधानाध्यापक; श्री दिनेश रावत, प्रधानाध्यापक; श्री लक्ष्मण रावत एवं श्रीमती चंद्रा स्वामी सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजकीय इंटर कॉलेज डोभालवाला के समस्त स्टाफ, सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं, मार्गदर्शक शिक्षकों एवं आयोजन समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
