जीबीपीआईईटी में हिंदी दिवस पर कविता एवं लघु कथा प्रतियोगिताओं का आयोजन।

पौड़ी। गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज, पौड़ी गढ़वाल में 14 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर स्टूडेंट एक्टिविटी सेल (SAC) द्वारा कविता एवं लघु कथा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, रुचि एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना रहा।
हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित कविता प्रतियोगिता एवं लघु कथा प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से हिंदी भाषा की समृद्धता, भावनात्मक अभिव्यक्ति एवं साहित्यिक सृजनशीलता को प्रस्तुत किया।
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वी. के. बंगा ने हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं भाषायी विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
हिंदी भाषा देश की विविधताओं को जोड़ते हुए पूरे राष्ट्र को एक साझा पहचान प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ अपनी भाषा, साहित्य और संस्कृति से भी जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, अभिव्यक्ति कौशल एवं आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन हुआ। स्टूडेंट एक्टिविटी सेल द्वारा आयोजित इन प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान किया तथा हिंदी भाषा के प्रति उनके सम्मान और जुड़ाव को और मजबूत किया।
