यूपी में शुभ मुहूर्त तय: 25 मार्च शाम 4 बजे होगा योगी का ‘राजतिलक’, पीएम मोदी सहित भाजपा शासित राज्यों के सीएम होंगे शामिल
उत्तर प्रदेश : विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल करते हुए इतिहास रच दिया है। ऐसे में योगी आदित्यनाथ दोबारा मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेंगे। इसी क्रम में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरे जोर शोर से हो रही हैं। पहले बताया जा रहा था कि 21 मार्च को योगी आदित्यनाथ सीएम पद की शपथ लेंगे, लेकिन अब खबर मिल रही है कि यह कार्यक्रम 25 मार्च को शाम 4 बजे होगा। इसे ग्रह-नक्षत्रों के हिसाब से शुभ मुहूर्त बताया जा रहा है। कई मायनों में योगी आदित्यनाथ का शपथ ग्रहण समारोह काफी खास होगा। इस समारोह में कोई कमी न रहे इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता और अधिकारी दिन रात जुटे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित केंद्र सरकार के कई मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, संघ और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।