देहरादून में कुट्टू के आटे से फूड पॉइजनिंग, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे अस्पताल मरीजों का जाना हाल।

- डीएम ने अस्पतालों में नियुक्त किए मजिस्ट्रेट।
- दोषी होलसेलर रिटेलपर पर संगीन धाराओं में मुकदमें दर्ज, स्टॉक सीज।
- डीएम की जनपदवासियों/नागरिकों से अपील एहतियात के तौर पर कुट्टू, सिंगाड़े का बाजार में मिलने वाले आटे का इस्तेमाल न करें।
- बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, जन की सेहत से खिलवाड़ करने वालो को बख्शा नही जाएगाः डीएम
- यदि हो सके तो स्वयं कुट्टू साबुत कुट्टू, सिंगाड़ा पिसवाकर इस्तेमाल करेंः डीएम
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, राजकीय जिला अस्पताल कोरोनेशन एवं महन्त इन्द्रेश अस्पताल में उपचारित किया जा रहा है। इन अस्पतालों में स्वास्थ्य उपचार हेतु भर्ती नागरिकों के बेहतर ईलाज, सुगम सुविधा एवं उपचार के दौरान उनका उनके परिजनों व अस्पताल प्रबन्धन के मध्य समन्वय इत्यादि हेतु मजिस्ट्रेट नियुक्त किये गए है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कोरोनेशन अस्पताल पहुंचकर फूड प्वाइजनिंग से बीमार लोगों को हाल चाल जाना। देहरादून जनपद में फूड प्वाइजनिंग की वजह से लगभग 100 से अधिक लोग बीमार हो गये। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सहारनपुर से सप्लाई हुए कुट्टू के आटे में मिलावट की संभावना से लोगों का स्वास्थ्य खराब हुआ।
मुख्यमंत्री ने कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने जिलाधिकारी देहरादून और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अस्पतालों में भर्ती लोगों को समुचित इलाज देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल में बेड की संख्या बढ़ाई जाए। फूड प्वाइजनिंग की वजह से कोरोनेशन अस्पताल में 66 और दून मेडिकल कॉलेज में 44 मरीज भर्ती हैं। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग और जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिये कि जिन भी अस्पतालों में मरीज आ रहे हैं, उनके इलाज का पूरा प्रबंध किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर से जिस दुकान के लिए कुट्टू का आटा सप्लाई हुआ है, वह दुकान सील कर ली गई है। उस दुकान से जिन दुकानों के लिए कुट्टू का आटा सप्लाई हुआ है, उनको भी सूचना दे दी गई है। सहारनपुर के जिला प्रशासन को भी देहरादून जिला प्रशासन से इसके बारे में जानकारी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीजों के इलाज के लिए पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि जिनके कारण यह घटना हुई है, स्वास्थ्य सचिव को निर्देश दिये गये हैं कि पूरे मामले की जाँच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभाग मिलकर घटना की पूरी जाँच करेंगे। लापरवाही करने वाले सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
इस अवसर पर आयुक्त गढ़वाल श्री विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल, एसएसपी देहरादून श्री अजय सिंह, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
अपील
यदि कहीं किसी विक्रेता के सामग्री में मिलावट की जा रही है तो इसकी जानकारी पुलिस कन्ट्रोलरूम न0 112, जिला आपदा परिचालन केन्द्र 01352626066, सम्बन्धित एसडीएम एवं सीओ को सूचित करें।
