जीबीपीआईईटी में मैकेनिकल एवं सिविल इंजीनियरिंग विभाग में भगवान विश्वकर्मा पूजा का आयोजन।

पौड़ी। गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, पौड़ी गढ़वाल में 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर मैकेनिकल इंजीनियरिंग एवं सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा केंद्रीय कार्यशाला (Central Workshop) में प्रातः 9:30 बजे भगवान विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया।
विभागाध्यक्ष डॉ. के. के. एस. मेर के नेतृत्व में आयोजित पूजा में विभाग के संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। पूजा के पश्चात विभाग द्वारा सभी के लिए भंडारे का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा CED के ग्राउंड फ्लोर पर प्रातः 10:30 बजे भगवान विश्वकर्मा पूजा संपन्न हुई।
विभागाध्यक्ष डॉ. बी. एस. खाती के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभाग के संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। पूजा के पश्चात दोपहर 12 बजे प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर निदेशक प्रो. (डॉ.) वी. के. बंगा ने भगवान विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए संदेश दिया कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण, कौशल एवं तकनीकी दक्षता के प्रतीक हैं। इंजीनियरिंग संस्थान में उनकी पूजा का विशेष महत्व है, क्योंकि यह विद्यार्थियों एवं तकनीकी समुदाय को अपने कार्य में कौशल, गुणवत्ता, नवाचार एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
दोनों विभागों में आयोजित पूजा-अर्चना के दौरान संस्थान की समृद्ध तकनीकी एवं सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी ने भगवान विश्वकर्मा से संस्थान, विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों के सुख-समृद्धि तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
