इंजीनियर्स डे पर जीबीपीआईईटी में तकनीकी एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन।

पौड़ी। इंजीनियर्स डे के अवसर पर गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज, पौड़ी गढ़वाल में 15 सितंबर को विद्यार्थियों के लिए विभिन्न तकनीकी, नवाचार एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रमों का आयोजन स्टूडेंट एक्टिविटी सेल (SAC) तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के अंतर्गत संचालित SAE GBPIET द्वारा किया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी क्षमता, रचनात्मक सोच, नवाचार एवं टीमवर्क को प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना है।
इंजीनियर्स डे के अवसर पर SAE GBPIET द्वारा विशेष रूप से ‘वॉटर रॉकेट 4.0 चैलेंज’ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विद्यार्थी वॉटर रॉकेट का निर्माण, उसमें दबाव उत्पन्न करने तथा उसके सफल प्रक्षेपण की चुनौती में प्रतिभाग करेंगे। यह विधि विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग के व्यावहारिक सिद्धांतों को प्रयोग के माध्यम से समझने तथा डिजाइन, निर्माण, परीक्षण एवं समस्या-समाधान जैसे कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करेगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कारों के साथ प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
इसके साथ ही स्टूडेंट एक्टिविटी सेल द्वारा Ideathon Teams के अंतर्गत UniAlert, Campus Cycle, Unified, DevDynasty, Mountains Products, FoodTech Innovators, Ignited Minds, S-Cube एवं Urvi सहित विभिन्न टीमों को अपने नवाचार एवं विचार प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा।
महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में एक्सहिबिशन का आयोजन किया जाएगा, जबकि Water Rocket गतिविधि ऑडिटोरियम ग्राउंड में हुई । विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रतिभा एवं मनोरंजन के लिए Harmony Band तथा X’s Band की प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का हिस्सा थी ।
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वी. के. बंगा ने इंजीनियर्स डे के अवसर पर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंजीनियरिंग केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि ज्ञान को नवाचार एवं वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान में परिवर्तित करने की क्षमता भी है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रयोगधर्मिता, रचनात्मकता और नवाचार के माध्यम से अपनी क्षमताओं को विकसित करना चाहिए। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को सीखने के साथ-साथ अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने और आत्मविश्वास विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. के. के. एस. मेर ने कहा कि SAE GBPIET विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित तकनीकी ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने के लिए निरंतर अवसर प्रदान कर रहा है।
उन्होंने कहा कि वॉटर रॉकेट जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी डिजाइन, निर्माण, परीक्षण और समस्या-समाधान की वास्तविक प्रक्रिया को समझते हैं तथा उनमें तकनीकी एवं नवाचार संबंधी दृष्टिकोण विकसित होता है।
इंजीनियर्स डे के अवसर पर आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से जीबीपीआईईटी में तकनीकी शिक्षा को प्रयोग, नवाचार और रचनात्मकता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल के साथ-साथ उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को भी प्रोत्साहित करेगा।
