देहरादून में 23 वर्षीय युवती की गर्दन काटकर नृशंस हत्या।

देहरादून। राजधानी देहरादून के कोतवाली थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। मच्छी बाजार इलाके में 23 वर्षीय युवती की धारदार हथियार से गर्दन काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान गुन्नू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती घर से बाहर कहीं जा रही थी, तभी बाइक सवार एक युवक उससे बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान अचानक आरोपी ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर तेज वार कर दिया। हमला इतना घातक था कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मच्छी बाजार में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए, जबकि परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तत्काल इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश या व्यक्तिगत विवाद से जुड़ा हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं पर गहराई से जांच की जा रही है।
शहर में इस सनसनीखेज वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
