पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज हरबर्टपुर में दो दिवसीय विकासखंड स्तरीय ‘विज्ञान महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन।

हरबर्टपुर (विकासनगर):
पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज, हरबर्टपुर में विकासखंड विकासनगर का दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय विज्ञान महोत्सव 2026 अत्यंत उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया।
इस महोत्सव के अंतर्गत बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी और विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिताएँ
महोत्सव के दौरान आयोजित बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का मुख्य विषय “सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान प्रौद्योगिकी और नवाचार” रहा।
प्रतियोगिता जूनियर और सीनियर दो वर्गों में आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने निम्नलिखित 7 उप-विषयों पर अपने नवीन मॉडल और विचार प्रस्तुत किए:
* बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI)
* हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण
* गणितीय प्रतिरूपण एवं कंप्यूटेशनल चिंतन
* स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं साफ-सफाई
* स्वदेशी कृषि पद्धति
* ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान
* आपदा प्रबंधन
विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता
इसी क्रम में विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसका मुख्य विषय “मानव जाति के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी” था।
विद्यार्थियों ने नाटकों के माध्यम से विज्ञान के सकारात्मक प्रयोगों और सामाजिक बदलावों का प्रभावशाली मंचन किया। नाट्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर होशियार सिंह बुद्धमल जैन इंटर कॉलेज, द्वितीय राजकीय इंटर कॉलेज जस्सोवाला, तृतीय स्थान पर राजकीय इंटर कॉलेज बद्रीपुर रहे।
उपस्थित गणमान्य अतिथि एवं शिक्षक
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शिक्षाविदों और समन्वयकों ने बच्चों का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक सुधीर कांति, प्रधानाचार्य दीपक बंसल, प्रधानाचार्य धीरेन्द्र रावत, ब्लॉक विज्ञान समन्वयक डॉ. नरेश कुमार, सह-समन्वयक राजीव अग्रवाल, इंस्पायर्ड समन्वयक विजय द्विवेदी, विज्ञान लीग के जिला समन्वयक आर. एस. चौहान, रवि अग्रवाल, नीलम डिमरी, अर्चना, अंजू जंगपांगी, मंजू कुकरेती, कमला चंद, ललित, गौतम, ओमप्रकाश, डॉ. कुलवंत सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बाल वैज्ञानिकों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
