श्री बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकराकर क्रैश, छह लोगों की मौत।
उत्तराखंड, चमोली जिले में शुक्रवार को बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर भीषण हादसे का शिकार हो गया।
ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) के पास छई गांव के समीप हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। दुर्घटनास्थल से सभी छह शव बरामद कर लिए गए हैं। चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने भी छह लोगों की मौत और शव बरामद होने की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर (कॉल साइन VT-HCX) शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था।
ज्योतिर्मठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक हेलीकॉप्टर का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। इसके साथ ही उसका ट्रैकिंग सिस्टम भी काम करना बंद कर गया।
शुरुआत में हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना मिली थी, लेकिन कुछ ही देर बाद छई गांव के पास पहाड़ी क्षेत्र में धुआं उठता दिखाई देने और मलबा मिलने से दुर्घटना की पुष्टि हो गई।
हेलीकॉप्टर में दिल्ली निवासी पायलट कैप्टन हिमांशु सबरवाल के अलावा पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस नागराजा के रूप में सामने आई है। सभी पांच यात्री कर्नाटक के निवासी बताए गए हैं। हादसे में किसी के भी जीवित बचने की जानकारी नहीं है।
