उत्तराखंड की पांचवीं निर्वाचित सरकार के संभावित सीएम के रूप में फिलवक्त चार प्रमुख चेहरे सामने हैं। भाजपा जहां वर्तमान सीएम पुष्कर सिंह धामी को युवा नेतृत्व के रूप में आगे बढ़ाते हुए चुनाव मैदान में उतर रही है। वहीं कांग्रेस में की सीएम पद की पूरी दौड़ फिलहाल पूर्व सीएम हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के बीच ही सिमटी हुई है। रावत और प्रीतम के नाम उनके समर्थक सीएम के रूप में पिछले लंबे समय से चला रहे हैं। आम आदमी पार्टी पहले ही कर्नल अजय कोठियाल (रि) को अपना सीएम कैंडिडेट तय कर चुकी है।
भाजपा में फिलहाल सीएम के रूप में वर्तमान सीएम पुष्कर सिंह धामी ही सबसे आगे हैं। जुलाई 2021 में वर्तमान सरकार के तीसरे सीएम के रूप में कार्यभार संभालने के बाद धामी ने लगातार प्रदेश के दौरे पर हैं। पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा समेत सभी नेता धामी को भविष्य बता चुके हैं। इससे माना जा रहा है कि भाजपा में फिलहाल धामी ही सीएम को चेहरा हो सकते हैं। हालांकि, पार्टी में मुख्यमंत्री के कई दावेदार हैं, इनमें पूर्व सीएम डा. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी शामिल हैं।
