द्वाराहाट से कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज, विधायक पर गाली-गलौज और जान से मारने का आरोप, विधायक का वीडियो वायरल, देखें वीडियो।

अल्मोड़ा। विपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रोद्यौगिकी संस्थान के निदेशक डॉ. कृष्णकांत सिंह मेर की तहरीर पर पुलिस ने द्वाराहाट से कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट और उनके एक समर्थक के खिलाफ धारा 452, 427, 504 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विधायक ने भी निदेशक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। विधायक मदन सिंह बिष्ट और विपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रोद्यौगिकी संस्थान के निदेशक डॉ. कृष्णकांत सिंह मेर के बीच शनिवार रात हुई बातचीत का ऑडियो और उसके बाद विधायक के निदेशक के घर पहुंचने के बाद हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद रविवार को दोनों पक्षों ने द्वाराहाट थाने में तहरीर दी प्रभारी निदेशक मेर ने तहरीर में आरोप लगाया है कि विधायक बिष्ट ने शनिवार देर रात को नारायण रावत के मोबाइल से फोन कर उनके साथ गाली-गलौज की। जब उन्होंने फोन काट दिया तो विधायक घर में ही आ धमके। नारायण रावत ने उनके आवास का दरवाजा जोर से पीटते हुए माफी मांगने के लिए दबाव बनाया। निदेशक ने कहा उनकी पत्नी व बच्ची भी उनके साथ ही हैं, जो इस घटना के बाद से बुरी तरह डरी हुई हैं। उन्होंने परिवार को सुरक्षा देने की मांग भी की |
विधायक मदन सिंह बिष्ट भी अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने तहरीर देकर बताया कि चैखुटिया से लौटने के बाद उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज में कार्यरत मैस कर्मचारियों और वेतनभोगी कर्मचारियों के संबंध में अपने प्रतिनिधि नारायण रावत के मोबाइल से कॉल की। उन्होंने 6 बार अपने नंबर से निदेशक को कॉल किया। लेकिन निदेशक ने फोन नहीं उठाया गया। जब निदेशक ने फोन उठाया तो अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे।
थाना प्रभारी द्वाराहाट राजेश कुमार यादव ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। निदेशक की तहरीर पर विधायक मदन सिंह बिष्ट व नारायण रावत के खिलाफ धारा 452, 427, 504 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही दूसरे पक्ष की तहरीर पर कार्यवाही की जा रही है
