बॉर्डर 2 के सेट पर पहुंचे फिल्म परिषद के CEO बंशीधर तिवारी, देहरादून में तैयार हुआ कश्मीर जैसा गांव।

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने आज देहरादून के हल्दूवाला स्थित बॉर्डर 2 के सेट पर फिल्म अभिनेता सनी देओल और निर्देशक अनुराग सिंह से मुलाकात की। इस दौरान परिषद के संयुक्त CEO डॉ. नितिन उपाध्याय भी मौजूद थे।
बैठक के दौरान उत्तराखंड की फिल्म नीति , लोकेशन की विविधता और सरकार की ओर से दिए जा रहे सहयोग को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। बंशीधर तिवारी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाएं उत्तराखंड को एक मजबूत फिल्म डेस्टिनेशन बना रही हैं।
बॉर्डर 2 फिल्म का निर्माण जेपी दत्ता, निधि दत्ता और टी-सीरीज के बैनर तले हो रहा है। केसरी फेम निर्देशक अनुराग सिंह के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन , दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे अभिनेता शामिल हैं।
फिल्म गिन्नी वेड्स सनी 2 (Ginny Weds Sunny 2) की शूटिंग देहरादून में हो रही है। फिल्म में अविनाश तिवारी और 12वीं फेल फेम मेधा शंकर मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ गोविंद नामदेव और सुधीर पांडे जैसे वरिष्ठ कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं।
वहीं, अन्नू कपूर, पवन मल्होत्रा और बिजेंद्र काला अभिनीत कॉमेडी सटायर ‘उत्तर दा पुत्तर’ की शूटिंग देहरादून और ऋषिकेश में चल रही है।
उत्तराखंड सरकार की पहल से इस समय गढ़वाली भाषा की तीन फिल्में—मारचा, तेरी माया और नमक—की शूटिंग क्रमशः देहरादून, टिहरी और उत्तरकाशी में हो रही है। इन फिल्मों को स्थानीय संस्कृति, परंपरा और बोली के साथ आधुनिक तकनीक का भी समर्थन मिल रहा है।
हाल के वर्षों में उत्तराखंड में विकी विद्या का वो वाला वीडियो, तिकड़म, दो पत्ती, पुतुल, रौतू का राज, तन्वी द ग्रेट, पास्ट टेंस, केसरी 2 और मेरे हसबैंड की बीवी जैसी हिंदी फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग पूरी हो चुकी है।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद लगातार राज्य को एक फिल्म-फ्रेंडली डेस्टिनेशन (film-friendly destination) के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रहा है, जहां प्राकृतिक सौंदर्य, संस्कृति, तकनीकी सपोर्ट और प्रशासनिक सहयोग का आदर्श संतुलन मौजूद है।
