जीबीपीआईईटी के प्लेसमेंट में उल्लेखनीय वृद्धि, 2025-26 में 220 विद्यार्थियों का चयन।

गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी), पौड़ी गढ़वाल में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान प्लेसमेंट के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। इस सत्र में अंतिम वर्ष के 415 विद्यार्थियों में से 220 विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन हुआ है।
विद्यार्थियों को देश की नामी कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए तथा इस दौरान उच्चतम पैकेज 14 लाख रुपये वार्षिक तक पहुंचा।
इस सत्र में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL), गाजियाबाद द्वारा जीबीपीआईईटी के 16 विद्यार्थियों का चयन किया गया, जिन्हें 14 लाख रुपये वार्षिक का पैकेज प्राप्त हुआ।
BEL में चयनित विद्यार्थियों में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग तथा कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग (एआईएमएल) शाखाओं के विद्यार्थी शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त विभिन्न विद्यार्थियों का चयन पर्सेर्वेक्स में 8 लाख रुपये वार्षिक तक, एवेंटआईक्यू में 6 लाख रुपये तथा सीआईएनटी में 5 लाख रुपये वार्षिक तक के पैकेज पर हुआ।
इसके साथ ही स्मार्टबॉटिक्स, हाई-टेक्नेक्स्ट इंजीनियरिंग एंड टेलीकॉम, टेक्नोस्ट्रक्चर, केईआई इंडस्ट्रीज, प्रो-डेस्क आईटी, नोकिया, ऑटोकल, ग्रो अस ऑटो, एनसेवियर तथा पैन ग्रुप सहित अनेक कंपनियों द्वारा भी संस्थान के विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।
विशेष रूप से भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड में विद्यार्थियों के चयन ने संस्थान के प्लेसमेंट अभियान को महत्वपूर्ण उपलब्धि प्रदान की। वहीं पर्सेर्वेक्स में विद्यार्थियों का 8 लाख रुपये वार्षिक तक, एवेंटआईक्यू में 6 लाख रुपये तथा सीआईएनटी में 5 लाख रुपये वार्षिक तक के पैकेज पर चयन हुआ।
संस्थान के डीन प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट डॉ. के. एस. भाटिया ने कहा कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विद्यार्थियों को अधिक से अधिक कंपनियों से जोड़ने, नियमित प्रशिक्षण एवं रोजगारपरक गतिविधियों को बढ़ाने तथा विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा विद्यार्थियों का चयन संस्थान में संचालित शैक्षणिक, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास गतिविधियों के सकारात्मक परिणाम को दर्शाता है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विद्यार्थियों, संबंधित विभागों एवं प्लेसमेंट टीम के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वी. के. बंगा ने प्लेसमेंट उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए संस्थान द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि माननीय तकनीकी शिक्षा मंत्री एवं अध्यक्ष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स, डॉ. धन सिंह रावत जी के निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग तथा तकनीकी शिक्षा सचिव एवं बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के उपाध्यक्ष डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, आईएएस के महत्वपूर्ण सहयोग से संस्थान को प्लेसमेंट एवं उद्योग-संपर्क के क्षेत्र में आगे बढ़ने का निरंतर प्रोत्साहन मिला है।
उन्होंने कहा कि संस्थान में विद्यार्थियों के कौशल विकास, प्रशिक्षण एवं उद्योगों के साथ संपर्क को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
पिछले तीन शैक्षणिक सत्रों की तुलना में भी इस वर्ष प्लेसमेंट के क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2023-24 में 437 विद्यार्थियों में से 113 विद्यार्थियों (25.86 प्रतिशत) तथा वर्ष 2024-25 में 340 विद्यार्थियों में से 152 विद्यार्थियों (44.71 प्रतिशत) का प्लेसमेंट हुआ था, जबकि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 220 हो गई है। इस प्रकार इस वर्ष संस्थान ने 53.01 प्रतिशत प्लेसमेंट का आंकड़ा छुआ है।
इसके अतिरिक्त 25 विद्यार्थियों ने GATE परीक्षा उत्तीर्ण की, जिससे उनके लिए उच्च शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसरों के मार्ग खुले हैं। कुल मिलाकर संस्थान के 245 विद्यार्थियों ने रोजगार अथवा उच्च शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त किया, जो कुल 415 विद्यार्थियों का लगभग 59 प्रतिशत है।
जीबीपीआईईटी में प्लेसमेंट एवं उच्च शिक्षा के बढ़ते अवसर विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान, कौशल विकास, प्रशिक्षण एवं उद्योगों के साथ संस्थान के निरंतर बढ़ते संपर्क को दर्शाते हैं। संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को रोजगार के साथ-साथ उच्च शिक्षा एवं उद्योग की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
