उत्तराखंड पुलिस के सहयोग से महिला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

लंढौरा। चमन लाल महाविद्यालय में यौन उत्पीड़न निषेध समिति द्वारा उत्तराखंड पुलिस के सहयोग से महिला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मधु, संजय, अरुण चमोली तथा अनीता शर्मा ने उत्तराखंड पुलिस की ओर से महिलाओं के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। म.कॉ. मधु ने उत्तराखंड पुलिस एप्प तथा गौरा शक्ति एप्प के विषय में विस्तृत जानकारी छात्र-छात्राओं को दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण चमोली ने कहा कि किसी समाज के विकास का स्तर का पता महिलाओं के सशक्तिकरण तथा उनकी जागरूकता से चलता है। उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वह किसी भी प्रकार के उत्पीड़न का डटकर मुकाबला करें। गोरा शक्ति एप्प तथा उत्तराखंड पुलिस एप्प उत्तराखंड सरकार द्वारा दिए गए ऐसे हथियार हैं जिनका प्रयोग में उत्पीड़न के विरुद्ध कर सकते हैं। मंगलौर कोतवाली से गोरा शक्ति एप्प इंचार्ज म.कां. मधु ने छात्राओं को अपने मोबाइल में गौरा शक्ति एप्प तथा उत्तराखंड पुलिस एप्प डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया तथा इस कार्य में उनकी सहायता की। इस अवसर पर छात्राओं जिज्ञासाओं के उत्तर भी दिए गए।महाविद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष राम कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षा प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण लाभ यह है कि हमें अपने अधिकारों की जानकारी मिलती है तथा हम उनके उल्लंघन का विरोध करने में सक्षम होते हैं। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस महिलाओं के हित के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की प्रशंसा की। प्राचार्य डॉ दीपा अग्रवाल ने कहा कि दुर्भाग्य से समाज में महिला उत्पीड़न की घटनाएं आज भी हो रही है जिन्हें जागरूकता और सजगता से रोका जा सकता है। इस प्रकार की घटनाओं को शुरू में ही अपने माता पिता या अध्यापिकाओं को बता कर दोषी को सजा दिलवाई जानी चाहिए जिससे उनकी हिम्मत आगे इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देने की ना हो।कार्यक्रम में यौन उत्पीड़न निषेध समिति प्रभारी डॉ विधि त्यागी ने आगंतुक पुलिस अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और छात्राओं का आह्वान किया कि समाज के किसी भी क्षेत्र में यदि उनका उत्पीड़न होता है तो उसका डटकर मुकाबला करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में डॉ. पुनीता शर्मा, डॉ. श्वेता, डॉ. किरण शर्मा, डॉ. अनीता शर्मा, डॉक्टर नीतू गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply