जीबीपीआईईटी में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स एवं वेलकम पार्टी का आयोजन।

पौड़ी, गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी), पौड़ी गढ़वाल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए 30 सितंबर को स्नातकोत्तर विद्यार्थियों हेतु वेलकम पार्टी तथा स्नातक विद्यार्थियों के लिए फ्रेशर्स कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दोनों कार्यक्रम स्टूडेंट एक्टिविटी सेल (SAC) के तत्वावधान में आयोजित किए गए।
दोनों कार्यक्रमों का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वी. के. बंगा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक परंपराओं, अनुशासन एवं उपलब्ध अवसरों से परिचित कराया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं आपसी सहयोग के साथ संस्थान की गरिमा बनाए रखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।
फ्रेशर्स कार्यक्रम में विद्यार्थियों के स्वागत के लिए रैंप वॉक, ‘Meet GBPIET’, एंटी-रैगिंग एवं विद्यार्थी आचार संहिता से संबंधित संदेश, आइस ब्रेकर एवं ऑडियंस इंटरेक्शन, विभिन्न विशेष प्रस्तुतियां, स्पॉटलाइट शोकेस तथा ब्रेनवेव चैलेंज जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने विभिन्न समूहों के माध्यम से सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं। मैग्नम एआई, एक्रिस, अपोलो, जेनेसिस, सॉफ्ट वॉरियर, सिविकस, मेकप्रोज तथा बीसीए सहित विभिन्न समूहों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में इशांत खरोला (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी–अपोलो) को मिस्टर फ्रेशर तथा प्रियांशी बोरा (जैव प्रौद्योगिकी–जेनेसिस) को मिस फ्रेशर घोषित किया गया। वहीं, ब्रांच गॉट टैलेंट प्रतियोगिता में कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग (एआईएमएल) के मैग्नम एआई समूह ने बाजी मारी।
इसके अतिरिक्त ‘We Are One’ के माध्यम से विशेष जीबीपीआईईटी यूनिटी एक्टिविटी आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच एकता, आपसी सहयोग एवं संस्थान के प्रति जुड़ाव की भावना को मजबूत करना था। कार्यक्रम के अंत में परिणामों की घोषणा, धन्यवाद ज्ञापन एवं सामूहिक फोटोग्राफ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों के लिए लंच की व्यवस्था की गई।
स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए 30 सितंबर को आयोजित वेलकम पार्टी में भी दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। निदेशक ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें संबोधित किया। दोनों कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रमों का संचालन स्टूडेंट एक्टिविटी सेल की ओआईसी डॉ. प्रीति एवं डॉ एच गोयल के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में किया गया। कार्यक्रमों में संबंधित विभागों के SAC समन्वयकों डॉ. ओ. एल. देवी, श्री के. डी. नारायण, श्री अश्वनी सैनी, डॉ. संदीप राणा, डॉ. एस. सी. फुलारा, श्रीमती रजनी एवं डॉ. अमित कुमार की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर संस्थान के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिष्ठाता, संकाय सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
दोनों आयोजनों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के साथ-साथ अपने सहपाठियों एवं वरिष्ठ विद्यार्थियों के साथ संवाद और सहभागिता का अवसर प्रदान किया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में आपसी समन्वय, रचनात्मकता, सांस्कृतिक सहभागिता एवं संस्थान के प्रति अपनत्व की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
