उत्तराखंड में इस बार 80 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग वोटरों को पोस्टल बैलेट के माध्यम से घर बैठे मतदान का अधिकार दिया जा रहा है। जिसके तहत नैनीताल जिले में 11014 वृद्ध वोटर पोस्टल बैलेट से मतदान करेंगे। 5291 दिव्यांग वोटर भी इसी तरह मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले में मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश में पहली बार वरिष्ठ नागरिकों को पोस्टल बैलेट से मतदान करने का अधिकार दिया गया है। जिसके लिए जिला निर्वाचन विभाग तैयारी में जुटा है।
पोस्टल बैलेट प्राप्त करने के लिए वोटर को फार्म 12-डी भरना होगा। यह फार्म बीएलओ के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को घर पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि अब तक 5291 दिव्यांग वोटरों के नाम मतदाता सूची में दर्जा करा दिए गए हैं। यह प्रक्रिया आगे भी जारी है। करीब 300 से अधिक और नाम दर्ज होने की उम्मीद है। सर्विस वोटरों को पहले से पोस्टल बैलेट से मतदान का अधिकार प्राप्त है। जिले में इस बार 5423 सर्विस वोटर पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करेंगे।
