अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ देहरादून की महत्वपूर्ण बैठक, शिक्षकों की 10 सूत्रीय मांगें सरकार के समक्ष रखी।


देहरादून, 10 दिसम्बर 2025,
उत्तराखण्ड अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ, जनपद देहरादून की एक महत्वपूर्ण बैठक आज गांधी इंटर कॉलेज, देहरादून में आयोजित की गई।
जिसमें बड़ी संख्या में अशासकीय माध्यमिक शिक्षक शामिल हुए। बैठक में शिक्षा व्यवस्था, शिक्षक हितों तथा संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई और सरकार के समक्ष 10 प्रमुख मांगें रखी गईं।
बैठक के दौरान पीटीए शिक्षकों की कट-ऑफ डेट वर्ष 2025 निर्धारित करने, उन्हें मानदेय की परिधि में शामिल करने तथा मानदेय प्राप्त पीटीए शिक्षकों को तदर्थ नियुक्ति का लाभ प्रदान करने की मांगें जोरदार रूप से उठाई गईं। साथ ही तदर्थ शिक्षकों के विनियमन में बाधक धारा 41(डी) हटाने एवं सभी तदर्थ शिक्षकों को नियमित किए जाने पर भी बल दिया गया।
संघ ने जूनियर हाईस्कूलों में लम्बे समय से नियुक्ति पर रोक के कारण रिक्त पड़े पदों पर कार्यरत शिक्षकों को पीटीए घोषित कर मानदेय प्रदान करने, अक्टूबर 2005 से पूर्व विज्ञप्ति के आधार पर नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन व्यवस्था (ओपीएस) में सम्मिलित कर GPF कटौती शुरू करने की भी मांग की।
इसके अतिरिक्त, जूनियर एवं माध्यमिक विद्यालयों में सृजित पदों के अनुरूप नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने, NPS एवं GIS कटौती सीधे ट्रेज़री से जमा कराने, उच्चीकृत माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को जूनियर सेवा अवधि जोड़ते हुए प्रौन्नत वेतनमान देने तथा सहायता प्राप्त विद्यालयों में परिचारक पदों की नियुक्ति हेतु राजकीय विद्यालयों की भांति नीति बनाकर एजेंसी नियुक्त करने की मांगें भी बैठक में प्रमुखता से उठाई गईं।
बैठक में आगामी प्रांतीय एवं जिला सम्मेलन की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल कुमार नौटियाल ने की तथा संचालन जिला मंत्री द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण, प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष जे.पी. बहुगुणा, आर.एल. उनियाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश डोबरियाल, प्रांतीय मंत्री मनमोहन रौतेला, कोषाध्यक्ष ललित मोहन सकलानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.सी. शर्मा, प्रदेश संयुक्त मंत्री कपूर सिंह पंवार, विजय सिंह बुटोला, सतीश सेमवाल, पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रधानाचार्य मनमोहन सिंह रौतेला, टिहरी जिला मंत्री शिव सिंह रावत, प्रदेश मंत्री नीरज वर्मा, आर.डी. सिंह, प्रधानाचार्य राजेंद्र रावत, हरविंदर के. चौधरी, संयुक्त मंत्री गिरीश सेमवाल, विजय प्रसाद भट्ट, शिक्षक सुरेंद्र कुमार सहगल, नरेश कोटनाला, यमुना प्रसाद नौटियाल, योगेश मिश्रा, उपेन्द्र बहुगुणा, राजेश शर्मा, कैलाश जोशी, राजेंद्र प्रसाद ग्वांडी, ओमप्रकाश जोशी, संजीव प्रसाद जोशी, विनोद पांडे, चेतन चौहान, संजय जुयाल, गगन कुमार, एस.एस. परमार, नरेंद्र सिंह तथा शिक्षिकाएँ रश्मि काला, गुंजन भट्ट, विमला चौहान, विभा, श्रीमती प्रीति जैन, श्रीमती प्रकाश कौर सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं शिक्षक हितों के प्रति समर्पित भाव के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
