भारी बारिश के मद्देनज़र कल देहरादून जिले के सभी कक्षा 12 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित।

मौसम विभाग द्वारा 21 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने आदेश जारी करते हुए जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, निजी एवं केंद्रीय बोर्ड से संबद्ध कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के सभी विद्यालयों में रविवार, 21 जुलाई को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि मौसम की गंभीरता को समझते हुए बच्चों को अनावश्यक रूप से बाहर न भेजें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
वहीं, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
मौसम विभाग का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 21 जुलाई को उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल और उधमसिंह नगर समेत अन्य इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है।
