डाइट देहरादून में दो दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर-डाइट सांस्कृतिक समागम का शुभारंभ।

देहरादून, 13 अक्टूबर 2025 — डाइट देहरादून की मेजबानी में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर-डाइट सांस्कृतिक समागम का भव्य शुभारंभ आज एसआईआरटी सभागार, देहरादून में किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के 12 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डाइट्स) से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्री उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने बतौर मुख्य अतिथि किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करते हैं और राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस की शुरुआत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती पल्लवी बलोनी द्वारा माँ सरस्वती की वंदना की मनमोहक प्रस्तुति से हुई, जिसने पूरे सभागार का वातावरण भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों द्वारा नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक विविधता का शानदार प्रदर्शन किया गया।
डाइट देहरादून की टीम द्वारा कार्यक्रम की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारीगण, विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागी एवं अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
