मतदाता दिवस के अवसर पर पौड़ी जनपद में पुलिस द्वारा ली गयी शपथ
आज दिनांकः 25.01.2022 को जिलाधिकारी पौड़ी डॉ. श्री विजय कुमार जोगदंडे एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल श्री यशवन्त सिंह चौहान द्वारा भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदत्त निर्देशों के क्रम में 12 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कण्डोलिया मैदान पौड़ी में कोविड-19 गाइडलाइन के नियमों का पालन करते हुये पुलिस, एनसीसी एवं प्रशासन के अधिकारी/कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई। शपथ समारोह में मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रशान्त आर्य, क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी श्री प्रेमलाल टम्टा, प्रतिसार निरीक्षक श्री विपेन्द्र सिंह व अन्य पुलिस के अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त महोदय के निर्देशानुसार जनपद के समस्त थाना/ चौकी व अग्निशमन केन्द्रों के प्रभारियों द्वारा अपने-अपने अधीनस्थ अधिकारी/कर्मचारियों को मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2022 की थीम हैः-
“मजबूत लोकतंत्र के लिए चुनावी साक्षरता”
राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ

हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जातिए समुदायए भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
