देहरादून ONGC चौक में ट्रक और इनोवा कार की टक्कर में छह लोगों की दर्दनाक मौत।

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून ONGC चौक में ट्रक और इनोवा कार की टक्कर में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक घायल है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को क्षतिग्रस्त गाड़ी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया है।
बताया जा रहा है कि कार सवार सभी छात्र थे।
जानकारी के अनुसार, देर रात ओएनजीसी चौक पर ट्रक और इनोवा कार की टक्कर हो गई। हादसे में छह युवक-युवतियों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार से पांच छात्रों के शव दून अस्पताल और एक का शव महंत इंद्रेश अस्पताल भेजा। इसमें छात्राएं भी बताई जा रही हैं। कुछ छात्र दिल्ली और कुछ हिमाचल के हैं। दून हॉस्पिटल में कुल पांच शव पहुंचे। इनमें से दो महिलाएं और तीन पुरुष थे। तीन मृतकों के शवों को दून अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जबकि बाकी को जगह नहीं होने पर इन्द्रेश अस्पताल भेजा गया है। उक्त घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक भी चिकित्सालय में पहुंचे है।
पुलिस के अनुसार कार किशननगर चौक से जा रही थी। ओएनजीसी चौक पर तेज रफ्तार कार ने कंटेनर को टक्कर मारी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि कंटेनर के पीछे कार का बोनट ही चिपक गया। इसके बाद कार गलत दिशा में करीब 100 मीटर दूरी पर एक पेड़ से टकराई। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया है। इस हादसे में जिन लड़कियों की मौत हुई उनमें गुनीत D/O तेज प्रकाश सिंह (19), नव्या गोयल D/O पल्लव गोयल (23) और कामाक्षी D/O तुषार सिंघल (20) शामिल है. ये तीनों ही लड़कियां देहरादून शहर के अलग-अलग इलाकों की रहने वाली थीं। इसके अलावा जिन लड़कों की मौत हुई उनकी पहचान कुणाल कुकरेजा S/O जसवीर कुकरेजा (23), अतुल अग्रवाल S/O सुनील अग्रवाल (24) और ऋषभ जैन S/O तरुण जैन (24) के रूप में हुई है। इनमें कुणाल कुकरेजा हिमाचल के चंबा के रहने वाले थे, जबकि बचे हुए लोग देहरादून के ही निवासी थे।
