जीबीपीआईईटी में उत्साह एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस।

गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी), घुड़दौड़ी, पौड़ी गढ़वाल में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर संस्थान के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ प्रशासनिक भवन परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वी. के. बंगा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके पश्चात उपस्थित सभी सदस्यों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
ध्वजारोहण के उपरांत संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वी. के. बंगा ने उपस्थित शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में राष्ट्र निर्माण में शिक्षा, विज्ञान, तकनीकी नवाचार एवं अनुसंधान की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा, ज्ञान एवं कौशल का उपयोग देश के विकास में योगदान देने के लिए करें तथा एक विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
निदेशक ने संस्थान के शिक्षक एवं कर्मचारियों से भी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि एक शिक्षण संस्थान केवल तकनीकी ज्ञान प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक तैयार करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
समारोह के उपरांत उपस्थित शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं के मध्य मिठाई का वितरण किया गया। सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समारोह का समापन देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ हुआ।
