पीएम मोदी और सीएम योगी की मौजूदगी में धामी ने ली सीएम की शपथ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कैबिनेट का गठन हो गया है, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत सभी सदस्यों ने शपथ ग्रहण की। सबसे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शपथ ग्रहण की हालांकि पुष्कर सिंह धामी को 6 माह के भीतर विधानसभा का सदस्यता बनना है। सीएम धामी के बाद चौबट्टाखाल से विधायक सतपाल सिंह महाराज ने शपथ ली। उसके बाद प्रेमचंद अग्रवाल ने संस्कृत भाषा में शपथ ग्रहण की। तत्पश्चात गढ़वाल के श्रीनगर से विधायक डॉ. धन सिंह रावत, नरेंद्र नगर से विधायक सुबोध उनियाल, सोमेश्वर से विधायक रेखा आर्या, बागेश्वर से चौथी बाद विधायक चंदन राम दास, सितारगंज से विधायक सौरभ बहुगुणा ने शपथ ग्रहण की।
शपथग्रहण से पहले मंदिरों में पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शपथग्रहण समारोह से पहले सुबह-सुबह विधायक मंदिरों में पहुंचे। संगठन की ओर से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर आम कार्यकर्ताओं को फरमान जारी कर दिया गया है कि वह अपने-अपने आसपास के मंदिरों में जाएंगे और भगवान की पूजा अर्चना करेंगे। आज सुबह से ही भाजपा विधायकों का मंदिरों में जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पहले टपकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की, चकराता रोड़ में प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में दर्शन किये और फिर रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा में मत्था टेक प्रदेश की खुशहाली के लिए अरदास की।
