शिक्षक दिवस के उपलक्ष पर चमन लाल महाविद्यालय में आयोजित हुए कार्यक्रम।

लंढौरा। चमन लाल महाविद्यालय में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष अतुल हरित ने कहा कि शिक्षक किसी भी राष्ट्र का भविष्य निर्माता होता है। वह देश और समाज के लिए ऐसी पीढ़ी तैयार करता है जो उसे विकास और उन्नति के पथ पर आगे बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षक के ऋण से कोई शिष्य जीवन में सफलता प्राप्त करके ही उऋण हो सकता है। प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी गुरु को सबसे बड़ी गुरु दक्षिणा छात्र अपने जीवन में कोई बड़ा मुकाम हासिल करके दे सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनुशासित एवं परिश्रमी जीवन जीने की प्रेरणा देते हुए कहा कि इन दोनों को अपने जीवन में उतर कर हम अपने जीवन में बड़े से बड़ा मुकाम हासिल कर सकते हैं। इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का भरपूर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य, नाटक आदि प्रस्तुत करके सब का मन मोह लिया। महाविद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को भी इस अवसर पर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संयोजन सांस्कृतिक क्रिया-कलाप समिति की प्रभारी डॉ. श्वेता द्वारा किया गया। मंच संचालन आर्यन एवं गायत्री ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
