जीबीपीआईईटी में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व योग दिवस।

पौड़ी गढ़वाल। गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी), घुड़दौड़ी, पौड़ी गढ़वाल में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह, अनुशासन एवं आध्यात्मिक वातावरण के मध्य संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 6:00 बजे संस्थान के केंद्रीय पुस्तकालय परिसर में किया गया, जिसमें शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
विश्व योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानव आत्मा की अभिव्यक्ति है” के भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में दीप प्रज्ज्वलन किया गया, जिसके उपरांत उपस्थित सभी प्रतिभागियों द्वारा एकात्मता स्तोत्र का सामूहिक पाठ किया गया। इसके बाद योगाभ्यास सत्र आरम्भ हुआ।
योग सत्र का संचालन संस्थान के योग प्रशिक्षक डॉ. के. डी. नारायण एवं डॉ. किरीट सेमवाल द्वारा किया गया।
उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं शारीरिक व्यायामों का अभ्यास कराया तथा योग के वैज्ञानिक, मानसिक, शारीरिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन, बुद्धि एवं आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित कर व्यक्ति के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वी. के. बंगा ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा आज संपूर्ण विश्व को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का मार्ग दिखा रही है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अनियमित जीवनशैली एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग मानव जीवन को संतुलित एवं सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
निदेशक प्रो. बंगा ने कहा कि योग व्यक्ति को केवल शारीरिक रूप से ही नहीं, बल्कि मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक रूप से भी सशक्त बनाता है।
उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा में योग के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को योग के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में डीन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट प्रो. (डॉ.) के. के. एस. मेर, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. एम. के. अग्रवाल, डॉ. के. एस. भाटिया, डॉ. प्रीति डिमरी, डॉ. पवन पंत, डॉ. पुष्कर प्रवीण, डॉ. मनोज कुमार, श्री दीपक डांगवाल, डॉ. एच. एल. यादव सहित संस्थान के अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करते हुए स्वस्थ जीवनशैली, आत्मानुशासन, सकारात्मक सोच एवं मानसिक संतुलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर योग को व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय चेतना एवं मानवीय मूल्यों के संवर्धन का प्रभावी माध्यम बताया गया।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योगाभ्यास करने तथा योग के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। विश्व योग दिवस का यह आयोजन संस्थान परिसर में स्वास्थ्य, एकात्मता, अनुशासन एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश देने में सफल रहा।
